home page

भारतमाला एक्सप्रेस वे पर पलटी थार, दो युवकों की मौत

 | 
भारतमाला एक्सप्रेस वे पर पलटी थार, दो युवकों की मौत


अचानक टायर फटने के बाद रेलिंग से टकराई, एक अन्य युवक घायल

जोधपुर, 28 मार्च (हि.स.)। भारतमाला एक्सप्रेस वे पर शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार थार गाड़ी टायर फटने से बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। थार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना मतोड़ा थाना क्षेत्र में पड़ासला इलाके में भारतमाला एक्सप्रेसवे की है।

जानकारी के अनुसार गुजरात नंबर की थार भारतमाला एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। अचानक गाड़ी का एक टायर फट गया। इस कारण चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। असंतुलित होने के बाद थार हाईवे के बीच बने डिवाइडर की लोहे की रेलिंग से जा टकराई। डिवाइडर की दोनों तरफ की रेलिंग के बीच जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के दौरान गाड़ी में सवार दो युवक उछलकर बाहर जा गिरे। दोनों युवक करीब चालीस फीट दूर जाकर गिरे। इसमें से एक थार के सनरूफ से निकलकर बाहर जा गिरा। रेलिंग से टकराने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार तीसरा युवक थार के अंदर ही फंसा रह गया, जिसकी वजह से वह सुरक्षित बच गया। हालांकि, उसे भी कुछ चोटें आई हैं।

हादसे के बाद गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की। उन्होंने गाड़ी में फंसे घायल युवक को बाहर निकाला और उसे ओसियां (जोधपुर) के सरकारी अस्पताल भेजा। उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने के बाद भारतमाला एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हादसे में थार गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी की टक्कर के कारण रेलिंग भी टूटकर मुड़ गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश