आबकारी विभाग ने किया 250 लीटर वॉश नष्ट
जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी निरोधक दल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही इन कार्रवाइयों से शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
आबकारी विभाग के अनुसार, चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा और बेगूं की आबकारी टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 250 लीटर वॉश नष्ट किया तथा 13 बोतल अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की। इस मामले में तीन आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
वहीं आबूरोड में आबकारी निरोधक दल एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 94 बीयर केन बरामद की गईं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी गश्त, नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा कानून व्यवस्था बनाए रखना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

