ईमानदारी की मिसाल: आमेर महल में मिले 1.06 लाख रुपये से भरे बैग को होमगार्ड जवान ने लौटाया
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध आमेर महल में तैनात होमगार्ड जवान फैजल खान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए ओडिशा से आए पर्यटक का 1.06 लाख रुपये नकद, कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर सभी का दिल जीत लिया। उनकी इस सराहनीय पहल की पर्यटकों के साथ-साथ आमेर महल प्रशासन ने भी जमकर प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार ओडिशा निवासी पर्यटक नित्यानंद साहू अपने परिवार के साथ आमेर महल भ्रमण के लिए आए थे। शीश महल के पास घूमने के दौरान उनका बैग वहीं छूट गया। बैग में 1.06 लाख रुपये नकद, अन्य कीमती सामान और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। बैग खोने का अहसास होने पर पर्यटक ने उसे वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।
इसी दौरान शीश महल के पास ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान फैजल खान की नजर पत्थरों के बीच पड़े एक लावारिस और भारी बैग पर पड़ी। सुरक्षा की दृष्टि से बैग की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी, कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। फैजल खान ने तत्काल इसकी सूचना आमेर महल के कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद प्रशासन ने बैग के वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की।
सत्यापन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आमेर महल प्रशासन की मौजूदगी में फैजल खान ने बैग में रखे 1.06 लाख रुपये नकद, सभी कीमती सामान और दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक नित्यानंद साहू को सौंप दिए।
अपना खोया हुआ बैग और पूरी नकदी सुरक्षित वापस मिलने पर पर्यटक भावुक हो गए। उन्होंने होमगार्ड जवान फैजल खान का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की खुलकर सराहना की। पर्यटक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया और कहा कि जयपुर के लोगों की ईमानदारी और अपनापन राजस्थान की 'अतिथि देवो भवः' की परंपरा को साकार करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

