home page

स्थानीय राय और जीत की संभावना के आधार पर होगा टिकट वितरण, बाहरी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं :अशोक गहलोत

 | 
स्थानीय राय और जीत की संभावना के आधार पर होगा टिकट वितरण, बाहरी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं :अशोक गहलोत


जोधपुर, 24 नवम्बर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत चुनावों में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के टिकट वितरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। जोधपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने स्पष्ट किया कि टिकटों का वितरण प्रदेश कांग्रेस कमेटी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होगा। इसमें किसी बाहरी व्यक्ति का हस्तक्षेप या प्रदेश स्तर से किसी तरह की सिफारिश की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को बेहतर पता होता है कि कौनसा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। टिकट उसी दावेदार को मिलना चाहिए, जिसकी जीतने की संभावना सबसे अधिक हो।

गहलोत ने कहा कि टिकट वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। किसान नेताओं, विधायकों और पूर्व प्रत्याशियों की भी जिम्मेदारी तय की गई है। जो नेता अपने समर्थित उम्मीदवारों के नाम आगे रखेंगे, उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे उन प्रत्याशियों को चुनाव जिताकर भी लाएं।

उन्होंने पर्यवेक्षकों को सलाह दी कि वे उम्मीदवारों के पक्ष में अपनी बात तथ्यों और मजबूत आधार के साथ रखें। पर्यवेक्षक जरूरत पडऩे पर सभी दावेदारों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी राय भी ले सकते हैं। सर्किट हाउस में सुबह से ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के गहलोत से मुलाकात करने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान टिकटों को लेकर दावेदारों के समर्थन में मंथन भी हुआ।

वहीं, भरतपुर की घटना को लेकर गहलोत ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते 18 उम्मीदवारों के पीछे पुलिस पहुंच रही थी और पुलिस थानों के अधिकारी बार-बार उनके पास जा रहे थे।

गहलोत ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए ठीक नहीं हैं। बड़े जनादेश के बावजूद बेईमानी की कोशिश की गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस को चुनाव में जीत हासिल होने की पूरी उम्मीद है और जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ बेईमानी करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश