home page

राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना अति आवश्यक: मदन राठौड़

 | 
राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना अति आवश्यक: मदन राठौड़


जयपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण में मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। राठौड़ ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के तहत 11 सितंबर को 147 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इस चरण में जयपुर, जोधपुर और कोटा सहित प्रदेश के छह बड़े नगर निगमों तथा उनसे जुड़े नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के क्षेत्रों में मतदान होगा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। राठौड़ ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि युवा स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों, मित्रों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि आपका प्रत्येक मत आपके नगर के विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छ एवं सुदृढ़ व्यवस्था तथा सुशासन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए सभी मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहभागी बनें। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी अपने मताधिकार का सदुपयोग करें और अपने नगर के उज्ज्वल भविष्य, विकास एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश