home page

सरकार के तीन साल पूरे होने पर 8 से 25 दिसंबर तक होंगे प्रदेशभर में कार्यक्रम

 | 
सरकार के तीन साल पूरे होने पर 8 से 25 दिसंबर तक होंगे प्रदेशभर में कार्यक्रम


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर 8 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को शासन सचिवालय में सचिवों की समिति की बैठक लेकर विभागों को तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट को प्रमुख आयोजन के रूप में शामिल किया गया है। इसका आयोजन जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में प्रस्तावित है। इसमें कृषि क्षेत्र में निवेश और निर्यात की संभावनाओं के साथ बागवानी, मोटे अनाज, आधुनिक कृषि तकनीक और जल संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। युवाओं के लिए नवाचार सम्मेलन, खेलो राजस्थान, शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं और प्रतिभा खोज कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के कार्यक्रमों में राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं कौशल मेला, नारी शक्ति सम्मेलन और राष्ट्रीय सरस मेला भी शामिल हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में शिविर लगाए जाने की योजना है।

वहीं शेखावाटी हेरिटेज मीट, प्रवासी राजस्थानी दिवस, जैसलमेर में पर्यटन सम्मेलन और लोक कला उत्सव भी कार्यक्रमों का हिस्सा होंगे। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाने की तैयारी है।

सचिवों की समिति की बैठक में वित्त (व्यय), संसदीय कार्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार और कार्मिक विभाग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वित्त (व्यय) विभाग के अनुसार केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्रीय सहायता के मद में अक्टूबर 2026 तक 17,227.22 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 40.19 प्रतिशत अधिक है।

संसदीय कार्य विभाग ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक के बाद 10 नवंबर तक 16वीं विधानसभा के 278 प्रश्नों का निस्तारण किया गया।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अनुसार अक्टूबर में राजकाज प्रणाली पर 92,200 से अधिक नई ई-फाइलें बनाई गईं, जिससे कुल ई-फाइलों की संख्या 55.90 लाख से अधिक हो गई है। कार्मिक विभाग ने वर्ष 2026-27 तक 242 पदों के लिए विभागीय पदोन्नति समितियों की कार्यवाही पूरी होने की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित