जेल में मुलाकात कक्ष के बाहर लीगल एड हेल्प डेस्क की स्थापना
जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार केन्द्रीय कारागृह के मुलाकात कक्ष के बाहर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर एवं जोधपुर जिला द्वारा लीगल एड हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत ने बताया कि लीगल एड हेल्प डेस्क की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कानूनी सशक्तिकरण, मानवीय परिस्थितियां और न्याय तक परिवार-केंद्रित पहुंच को जेल समुदाय के आपसी संपर्क के केंद्र में एकीकृत करना है। यह पहल विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987, 2016 के मॉडल जेल नियमावली, डीएलएसए नियमावली, 2023 तथा नेंसन मेंडेला नियमों के निर्देशों पर आधारित है।
हेल्प डेस्क के माध्यम से जेल में निरुद्ध बंदियों के परिजनों को विधिक सहायता दिया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। जेल मुलाकात समय में इस प्राधिकरण का पैरा लीगल वॉलियंटर, जेल विजिटिंग अधिवक्ता हेल्प डेस्क पर उपस्थित रहेंगे, जो बंदियों व उनके परिजनों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाएंंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

