home page

खेल अकादमियों के प्रवेश ट्रायल में 291 खिलाड़ियों ने लिया भाग

 | 
खेल अकादमियों के प्रवेश ट्रायल में 291 खिलाड़ियों ने लिया भाग


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित आठ दिवसीय खेल अकादमियों की प्रवेश चयन स्पर्धा के दूसरे दिन एथलेटिक्स और पैरा खेल अकादमियों के लिए ट्रायल आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न जिलों की अकादमियों के लिए कुल 291 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

बालक एथलेटिक्स अकादमी के अंतर्गत श्रीगंगानगर से 42, अजमेर से 79 और चूरू से 35 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। वहीं बालिका वर्ग में एथलेटिक्स अकादमी जयपुर एवं बालिका खेल संस्थान एथलेटिक्स, जयपुर से 81, बालिका एथलेटिक्स अकादमी चूरू से 11, बालिका खेल संस्थान एथलेटिक्स भरतपुर से 14 तथा बालिका खेल संस्थान एथलेटिक्स उदयपुर से 12 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके अलावा पैरा खेल अकादमी एथलेटिक्स एवं पॉवरलिफ्टिंग (बालक), जयपुर के लिए 17 खिलाड़ियों ने ट्रायल में सहभागिता की।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की सचिव नीतू बारूपाल ने बताया कि गुरुवार को 291 एथलीट्स, पैरा एथलीट्स और पैरा पॉवरलिफ्टिंग खिलाड़ियों का स्किल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसी दिन बालक तीरंदाजी अकादमी उदयपुर व डूंगरपुर तथा बालिका तीरंदाजी अकादमी जयपुर एवं खेल संस्थान उदयपुर (बालिका) के लिए ट्रायल में भाग लेने वाले तीरंदाजों का रजिस्ट्रेशन और मेडिकल परीक्षण किया गया। इसके बाद बैटरी टेस्ट लिया गया, जिसमें कुल आठ गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को बालक हैंडबॉल अकादमी जैसलमेर, बालिका हैंडबॉल अकादमी जयपुर, बालक साइक्लिंग अकादमी बीकानेर, बालक कुश्ती अकादमी भरतपुर और बालिका खेल संस्थान कुश्ती, भरतपुर के लिए भी स्किल टेस्ट आयोजित किए गए। चयन स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस और खेल कौशल का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश