home page

दीपावली व्यवस्था : विभागों और व्यापार-उद्योग संघ के प्रतिनिधियों की बैठक

 | 
दीपावली व्यवस्था : विभागों और व्यापार-उद्योग संघ के प्रतिनिधियों की बैठक


बीकानेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने दीपावली के मद्देनजर विभिन्न विभागों और व्यापार-उद्योग संघ के प्रतिनिधियों की बैठक ली।

जिला कलेक्टर ने कहा कि पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों से संबंधित यातायात प्लान समय पर बना लिया जाए तथा आमजन को इससे अवगत करवाया जाए। पार्किंग की भी प्रभावी व्यवस्था हो और बेरिकेडिंग आदि समय पर करवा लिए जाएं। उन्होंने पुलिस यातायात शाखा और व्यापारिक प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक करते हुए यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, सार्वजनिक प्रकाश एवं सड़क सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्य प्राथमिकता से किए जाएं फायर ब्रिगेड की उपलब्धता से संबंधित सूचना दी जाए तथा यह एक्टिव मोड पर रहें।

उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि पाइपलाइन मरम्मत के लिए सड़क खोदी जाए तो उसे अविलम्ब ठीक करें। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर कोई भी लाइट बंद नहीं रहें। शहरी क्षेत्र में भी सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था पर पूर्ण ध्यान दिया जाए।

बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि बीडीए द्वारा करवाए गए रोड लाइट सर्वे में 1100 लाइटें खराब मिली, इनमें से लगभग 1 हजार ठीक करवा दी गई हैं। वहीं नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी ने सर्वे के दौरान 600 लाइटें बंद मिलने तथा इन्हें दुरूस्त करने के साथ दीपावली से पूर्व कुल 1800 नई रोड लाइटें लगाने की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग, विद्युत निगम और बीकेसीएल के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पेयजल और विद्युत की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सख्त हिदायत दी कि विद्युत कटौती नहीं हो।

जिला कलेक्टर ने सभी सार्वजनिक स्थानों और चौराहों-सर्किल्स को पूर्व की भांति बेहतर लाइटिंग से सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने आह्वान किया कि विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठान, इकाईयां और संगठन भी बाजारों और दुकानों को सजाएं। इसी प्रकार मंदिरों में सजावट के लिए देवस्थान विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि समस्त सड़कों के पेंचवर्क कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण कर लिए जाएं। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं हो।

जिला कलेक्टर ने पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में बर्न यूनिट की सभी व्यवस्थाए चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की घटना होने पर प्रभावित को त्वरित इलाज मिले। उन्होंने सीएमएचओ के अधीन चिकित्सा केन्द्रों में भी नॉर्म्स के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। जिला कलक्टर ने कहा कि दीपावली के दौरान राजीविका के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने स्टॉल्स लगाए जाएं। इसके लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव