home page

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के दूसरे दिन दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

 | 
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के दूसरे दिन दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश


जोधपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के अंतर्गत आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के दूसरे दिवस पर ऊर्जा संरक्षण विषय को लेकर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग, बिजली की बचत तथा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

जिला नोडल अधिकारी जोधपुर ग्रामीण डॉ. धीरज गोयल ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बढ़ती ऊर्जा मांग और प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ते दबाव को देखते हुए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ऊर्जा का उपयोग सोच-समझकर करे। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके भी ऊर्जा की काफी बचत की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि अनावश्यक रूप से जलती हुई लाइटें, पंखे एवं विद्युत उपकरण बंद रखना, ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करना, दिन के समय प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम उपयोग करना तथा सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करना ऊर्जा संरक्षण के प्रभावी उपाय हैं।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाकर न केवल बिजली की खपत कम की जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर राजकीय होम्योपैथिक औषधालयों के माध्यम से आमजन को ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक करने तथा दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण की आदत विकसित करने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश