home page

कर्मचारियों ने सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

 | 
कर्मचारियों ने सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी


जयपुर, 27 मई (हि.स.)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के आह्वान पर प्रदेशभर में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने बुधवार को विभिन्न जिलों और विभागों में एक घंटे का सामूहिक कार्य बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने आरजीएचएस योजना के निजीकरण का विरोध किया। साथ ही समर्पित अवकाश (सरेंडर लीव) के भुगतान पर लगी कथित रोक हटाने, बजट घोषणाओं को लागू करने, संविदा एवं ठेका कर्मियों को नियमित करने तथा 25 सूत्री मांग पत्र को पूरा करने की मांग की।

महासंघ के पदाधिकारी रवि शर्मा, फतेह बहादुर और पवन कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों और सुविधाओं पर लगातार चोट कर रही है।

वहीं महासंघ के पदाधिकारी शेर सिंह यादव और देवेन्द्र नरूका ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश