home page

गोवर्धन पर्व पर अवकाश नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी: 10 नवंबर को छुट्टी घोषित करने की मांग

 | 
गोवर्धन पर्व पर अवकाश नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी: 10 नवंबर को छुट्टी घोषित करने की मांग


जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में दीपावली की तैयारियों और उत्सव के बीच 10 नवंबर को गोवर्धन पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं करने के राज्य सरकार के फैसले से कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार से इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को भी मांग से अवगत कराया गया है।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि राज्य सरकार ने 8 और 9 नवंबर को अवकाश घोषित किया है, जबकि 10 नवंबर को गोवर्धन पर्व के दिन सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। वहीं, 11 नवंबर को भाई दूज पर सार्वजनिक अवकाश है। ऐसे में कर्मचारी गोवर्धन पर्व परिवार के साथ नहीं मना पाएंगे। संगठनों का तर्क है कि पांच दिवसीय दीपोत्सव के बीच एक दिन कार्यालय खुला रखने से कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी होगी।

राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के कई कर्मचारी सीमावर्ती और दूर-दराज के जिलों के रहने वाले हैं। वे दीपावली मनाने अपने गृह जिलों में गए हुए हैं। ऐसे में उन्हें 10 नवंबर को केवल एक दिन कार्यालय आने के लिए जयपुर लौटना पड़ेगा और अगले दिन भाई दूज मनाने के लिए फिर अपने गृह जिले जाना होगा। इससे कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ेगी तथा वे परिवार के साथ त्योहार की खुशियां भी नहीं मना सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से 10 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।

इससे पहले सचिवालय अधिकारी संघ, सचिवालय कर्मचारी संघ और सचिवालय सहायक कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को ज्ञापन सौंपकर गोवर्धन पर्व पर अवकाश घोषित करने की मांग की है। सचिवालय सहायक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नरपत सिंह ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की व्यावहारिक परेशानी को समझते हुए 10 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश