इलेक्ट्रोपैथी राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र को देगी नई दिशा: वासुदेव देवनानी
जयपुर, 01 मई (हि.स.)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा पद्धति के क्षेत्र में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। गांधी नगर स्थित राजस्थान इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा पद्धति बोर्ड के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन एवं स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा पद्धति राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा आधारित चिकित्सा पद्धतियां आज पुनः विश्व स्तर पर सम्मान प्राप्त कर रही हैं और भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने इलेक्ट्रोपैथी के विकास के लिए मानकीकरण, शिक्षण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और अनुसंधान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर यह पद्धति व्यापक स्वीकार्यता हासिल कर सकती है।
समारोह में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलपति प्रो. त्रिभुवन शर्मा, बोर्ड रजिस्ट्रार डॉ. आनंद कुमार शर्मा तथा इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष ई. डॉ. हेमंत सेठिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक और चिकित्सक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. हेमंत सेठिया ने इलेक्ट्रोपैथी की मान्यता के लिए वर्षों से चले आ रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1998 से शुरू हुआ अभियान आज संस्थागत रूप में स्थापित हो सका है। उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिगंबर सिंह, राजेंद्र राठौड़ और कालीचरण सर्राफ के योगदान का भी जिक्र किया।
प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रोपैथी का संबंध इलेक्ट्रिसिटी से नहीं, बल्कि शरीर के आयोनिक संतुलन से है। यह पद्धति 114 औषधीय पौधों के अर्क पर आधारित है और प्राकृतिक चिकित्सा सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने इसके वैज्ञानिक अध्ययन और अनुसंधान की आवश्यकता पर बल दिया।
बोर्ड रजिस्ट्रार डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नए कार्यालय के शुरू होने से पंजीकरण, प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि परिसर के विकास में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के न्यूजलेटर “द इलेक्ट्रोपैथी संवाद” के तृतीय संस्करण और “आरोग्य मेला” पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री हवन से हुई और संचालन श्वेता जैन ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

