पारदर्शी और जवाबदेह उम्मीदवार को ही सरपंच चुनें: डॉ. सुनील धायल
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल ने पंचायत चुनावों के मद्देनजर ग्रामीण मतदाताओं से ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह उम्मीदवार को सरपंच चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरपंच का चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि गांव के विकास की दिशा तय करने का अवसर है।
डॉ. धायल ने कहा कि मतदाताओं को जाति, व्यक्तिगत संबंधों और प्रलोभनों से ऊपर उठकर उम्मीदवार की ईमानदारी, कार्यक्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देनी चाहिए। पंचायतें लोकतंत्र की बुनियादी इकाइयां हैं और उनके कामकाज में पारदर्शिता व जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, सड़क, सफाई, जल निकासी और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना पंचायत की प्रमुख जिम्मेदारियां हैं। मतदाताओं को ऐसे प्रतिनिधि का चयन करना चाहिए, जो इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर हो और गांव के विकास को प्राथमिकता दे।
डॉ. धायल ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत पंचायत, विकसित गांव और जवाबदेह व्यवस्था की नींव रख सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से सोच-समझकर मताधिकार का प्रयोग करने और गांव के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही प्रतिनिधि चुनने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

