home page

छोटे भाई को बचाने डिग्गी में कूदा बड़ा भाई, दोनों की डूबने से मौत

 | 
छोटे भाई को बचाने डिग्गी में कूदा बड़ा भाई, दोनों की डूबने से मौत


श्रीगंगानगर, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। खेत में पाइप ठीक करने के दौरान छोटे भाई का पैर फिसलकर पानी की डिग्गी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी तुरंत डिग्गी में कूद पड़ा, लेकिन गहरे पानी में दोनों डूब गए।

पुलिस के अनुसार 45 एनपी निवासी राजदीप सिंह (20) और गुरजीत सिंह (24) 56 एनपी गांव के पास खेत में पाइप लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान राजदीप का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से भरी डिग्गी में जा गिरा। भाई को डूबता देख गुरजीत बिना देर किए उसे बचाने के लिए डिग्गी में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दोनों भाइयों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

काफी मशक्कत के बाद भी दोनों को जीवित नहीं निकाला जा सका।

सूचना मिलने पर रायसिंहनगर थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने डिग्गी में उतरकर दोनों भाइयों के शव बाहर निकाले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित