एमजीएसयू में 9 जुलाई को होगा 'एकलव्य–स्वयं की खोज' कार्यक्रम
बीकानेर, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के संयुक्त तत्वावधान में 9 जुलाई को 'एकलव्य–स्वयं की खोज' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी दी गई।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष हरीश चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे विश्वविद्यालय के संत मीराबाई सभागार में होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। इकाई सचिव निर्विका सिंह ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक नगेन्द्र प्रताप सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर की साइबर पुलिस अधीक्षक शालिनी बजाज मौजूद रहेंगी। विशेष अतिथि के रूप में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तंवर, एबीवीपी बीकानेर के पूर्व विभाग संयोजक दिलीप सिंह तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त कुणाल रहाड़ शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. गणपत सिंह राजपुरोहित होंगे।
कार्यक्रम सह संयोजक योगेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विद्यार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है।
पत्रकार वार्ता में कैलाश, राधेश्याम, तन्मय, आदित्य सहित परिषद के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

