आठ साल से लंबित प्रोफेसरों के वेतन निर्धारण का मामला राज्यपाल और मुख्य सचिव तक पहुंचा
जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान विश्वविद्यालय में करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत प्रोफेसर पद पर पदोन्नत वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का वेतन निर्धारण और बकाया सेवा लाभों का मामला करीब आठ वर्षों से लंबित है। इस मामले में ऑल राजस्थान यूनिवर्सिटीज टीचर्स एसोसिएशन (आरुटा) एवं सोसाइटी फॉर पब्लिक ग्रीवेंस (एसपीजी), इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हरिभाऊ किसनराव बागड़े और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने तीन दिन पूर्व राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार भेंट कर पदोन्नत प्रोफेसरों के लंबित वेतन निर्धारण और सेवा लाभों के मामले की जानकारी दी थी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वेतन निर्धारण में देरी के कारण वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्यपाल से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देकर शिक्षकों को शीघ्र न्याय दिलाने का आग्रह किया।
इसके बाद बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और लंबित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आरुटा अध्यक्ष प्रो. बी.डी. रावत ने किया। इसमें महासचिव प्रो. बी.एल. गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रो. मधुसूदन शर्मा और प्रो. अनिल बंसल शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को बताया कि 98 सेवानिवृत्त शिक्षकों के मामले में न्यायालय ने 29 नवंबर 2018 को शिक्षकों के पक्ष में आदेश दिए थे। इसके बाद राज्य सरकार की अनुमति से वर्ष 2021 में पदोन्नति आदेश भी जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद वेतन निर्धारण और बकाया सेवा लाभों का निस्तारण नहीं हो पाया है।
प्रो. बी.डी. रावत ने कहा कि वर्षों तक विश्वविद्यालय में सेवाएं देने वाले वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को अपने वैधानिक लाभों के लिए लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल और मुख्य सचिव के संज्ञान में मामला आने के बाद आठ वर्षों से लंबित इस प्रकरण के समाधान की दिशा में जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

