home page

ईद मिलादुन्नबी पर जयपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

 | 
ईद मिलादुन्नबी पर जयपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था


जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) के अवसर पर बुधवार को जयपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि इस दौरान दोपहर करीब 2 बजे चार दरवाजा स्थित मौलाना जियाउद्दीन चौराहे से जुलूस रवाना होगा। जुलूस सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट, रामगढ़ मोड़ चौराहा होते हुए कर्बला पहुंचेगा, जहां सभा में परिवर्तित होगा। जुलूस के दौरान यातायात पुलिस ने मार्ग के अनुसार डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है।

जुलूस रवाना होने से पहले सुभाष चौक, रामगंज चौपड़ और गंगापोल रोड से चार दरवाजा की ओर आने वाले सामान्य यातायात का संचालन बंद रहेगा। सुभाष चौक से यातायात को जोरावर सिंह गेट और बड़ी चौपड़ की ओर, रामगंज चौपड़ से बड़ी चौपड़, गलता गेट और घाटगेट की ओर तथा गंगापोल रोड से बस बदनपुरा और जोरावर सिंह गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। खोले के हनुमान जी से यातायात को दिल्ली रोड की ओर भेजा जाएगा।

रामगंज चौपड़ पर यातायात का दबाव बढ़ने पर बड़ी चौपड़, घाटगेट और गलता गेट से रामगंज चौपड़ की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। बड़ी चौपड़ से यातायात सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया बाजार और सुभाष चौक की ओर, घाटगेट से मिनर्वा चौराहा और गुरुद्वारा मोड़ की ओर तथा गलता गेट से दिल्ली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सुभाष चौक की ओर यातायात दबाव बढ़ने पर बड़ी चौपड़ से वाहनों को सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया बाजार और रामगंज चौपड़ की ओर भेजा जाएगा। रामगढ़ मोड़ से यातायात को धोबीघाट सर्किल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धोबीघाट सर्किल से रामगढ़ मोड़ की ओर प्रवेश निषेध रहेगा और वाहनों को दिल्ली रोड की तरफ भेजा जाएगा।

रामगढ़ मोड़ की ओर यातायात दबाव होने पर गांधी चौक से वाहनों को आमेर कस्बा और दिल्ली रोड की ओर, कागदीवाड़ा नाले से काले हनुमान मंदिर की ओर तथा माउंट रोड तिराहे से ब्रह्मपुरी बस स्टैंड और गणगौरी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

परकोटे में यातायात का दबाव बढ़ने पर सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ जाने वाले वाहनों को रामनिवास बाग और मिनर्वा की ओर भेजा जाएगा। रामनिवास बाग चौराहे से चौड़ा रास्ता जाने वाले यातायात को सांगानेरी गेट और यादगार तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दबाव अधिक होने पर यादगार तिराहे से टोंक रोड, पांच बत्ती से सेंट जेवियर और मिनर्वा चौराहे से एमडी रोड की ओर यातायात संचालित किया जाएगा।

जुलूस मार्ग से जुड़ी गलियों से किसी भी प्रकार का यातायात मुख्य मार्ग पर नहीं आ सकेगा। हवामहल बाजार, सुभाष चौक से रामगढ़ मोड़, माउंट रोड, रामगंज बाजार, घाटगेट बाजार, रामगंज चौपड़ से चार दरवाजा तथा चार दरवाजा से सुभाष चौक तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

आमेर से सांगानेरी गेट तथा रामगंज चौपड़ से चांदपोल के बीच चलने वाली मिनी और सिटी बसों का संचालन एमआई रोड, अशोक मार्ग, घाटगेट, ट्रांसपोर्ट नगर, गलता गेट और धोबीघाट होकर किया जाएगा। जुलूस के दौरान हल्के मालवाहक वाहनों और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान सांगानेर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। रामपुरा फाटक से कोहिनूर सिनेमा तथा मालपुरा बस स्टैंड से कोहिनूर सिनेमा की ओर जाने वाले यातायात को समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

जुलूस के कोहिनूर सिनेमा से रवाना होने पर डिग्गी-मालपुरा रोड से मालपुरा बस स्टैंड की ओर आने वाले वाहनों को मुहाना मोड़, डिग्गी रोड से मुहाना रोड की ओर भेजा जाएगा। चौरड़िया पेट्रोल पंप से मालपुरा बस स्टैंड जाने वाले वाहनों को सांगानेर पुलिया और प्रधान वाटिका की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

जुलूस के मालपुरा बस स्टैंड पहुंचने से पहले गांधी चौक से मालपुरा बस स्टैंड की ओर आने वाले यातायात को तहसील रोड की ओर भेजा जाएगा। गांधी चौक की ओर आने वाले शिकारपुरा रोड के यातायात को भी समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

सांगा बाबा सर्किल (फव्वारा सर्किल) से गांधी चौक जाने वाले, लक्ष्मी मिष्ठान भंडार के पास कट से सांगा बाबा सर्किल जाने वाले तथा सांगासेतु पुलिया और सांगानेर सर्किल से आने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर संचालित किया जाएगा। चौरड़िया पेट्रोल पंप से सांगानेर सर्किल की ओर आने वाले वाहनों को भी समानांतर मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने जुलूस के दौरान वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश