home page

ऊर्जा बचत का संदेश: अर्थ ऑवर पर आज रात 8:30 से 9:30 बजे तक बंद रहेंगी अनावश्यक लाइटें

 | 
ऊर्जा बचत का संदेश: अर्थ ऑवर पर आज रात 8:30 से 9:30 बजे तक बंद रहेंगी अनावश्यक लाइटें


जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। ऊर्जा संरक्षण और बिजली की बचत को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को दुनियाभर के साथ राजस्थान में भी अर्थ ऑवर मनाया जाएगा। इस दौरान रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक लाइटें बंद रखी जाएंगी।

राज्य में इस अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने अपने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि निगम के सभी भवनों में निर्धारित समय के दौरान अनावश्यक बिजली उपयोग पूरी तरह बंद रखा जाए। साथ ही कर्मचारियों को भी इस पहल में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।

सरकार की ओर से सभी सरकारी और निजी संस्थानों के साथ आम नागरिकों से भी इस पहल में शामिल होने की अपील की गई है। उद्देश्य यह है कि लोग ऊर्जा के महत्व को समझें और रोजमर्रा की जिंदगी में भी बिजली की बचत को आदत बनाएं।

अर्थ ऑवर एक वैश्विक अभियान है, जिसमें हर साल एक दिन एक घंटे के लिए अनावश्यक लाइटें और बिजली उपकरण बंद रखने का आह्वान किया जाता है।

इसका मकसद केवल उस एक घंटे की बचत नहीं, बल्कि लोगों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे मुद्दों पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हर व्यक्ति बिजली की खपत को लेकर थोड़ी सावधानी बरते, तो बड़े स्तर पर ऊर्जा की बचत संभव है। अर्थ ऑवर इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी आमजन से अपील की है कि एक घंटे के लिए गैरजरूरी लाइट्स को बंद रखकर अर्थ ऑवर डे में सभी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि इससे सामूहिक तौर पर ऊर्जा संरक्षण की दिशा में हम सार्थक पहल कर पाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए भी यह हम सबकी महती पहल होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित