home page

अर्जित वेतन अग्रिम योजना के तीन साल पूरे, 78 हजार सरकारी कर्मचारियों ने उठाया लाभ

 | 
अर्जित वेतन अग्रिम योजना के तीन साल पूरे, 78 हजार सरकारी कर्मचारियों ने उठाया लाभ


जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार की अर्जित वेतन अग्रिम आहरण योजना ने तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। मई 2023 में शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक 78 हजार से अधिक सरकारी कर्मचारी लाभान्वित हो चुके हैं, जबकि राज्य के 7 लाख से अधिक कर्मचारी इसके पात्र हैं। योजना का संचालन राजस्थान फाइनेंशियल सर्विसेज़ डिलीवरी लिमिटेड के सहयोग से किया जा रहा है।

योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों को बिना जमानत, न्यूनतम औपचारिकताओं और बैंक शाखा गए बिना 12 माह के नेट वेतन तक अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जाती है। पुनर्भुगतान की अवधि 1 से 24 माह तक है तथा अग्रिम राशि समय से पहले चुकाने पर कोई फोरक्लोजर शुल्क नहीं लिया जाता।

सरकार के अनुसार चिकित्सा आपातकाल, घर की मरम्मत, बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी जरूरतों में यह योजना कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। खराब क्रेडिट स्कोर या जटिल बैंकिंग प्रक्रिया के कारण ऋण नहीं मिलने की समस्या को भी इस योजना ने काफी हद तक दूर किया है, जिससे कर्मचारियों की साहूकारों पर निर्भरता कम हुई है।

आरएफएसडीएल के कार्यकारी निदेशक मनीष माथुर ने बताया कि योजना के सफल संचालन में वर्तमान में चार सरकारी बैंक और चार एनबीएफसी सहयोग कर रहे हैं। शीघ्र ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के जुड़ने से अधिक कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकेगा।

सरकार का दावा है कि योजना का विस्तार प्रदेश के सभी 41 जिलों तक हो चुका है और यह सरकारी कर्मचारियों के लिए सुलभ एवं सम्मानजनक वित्तीय सहायता का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश