home page

राजस्थान पुलिस का तकनीकी नवाचार: राजकॉप ऐप पर ई-विजिटर सुविधा शुरू

 | 
राजस्थान पुलिस का तकनीकी नवाचार: राजकॉप ऐप पर ई-विजिटर सुविधा शुरू


जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने तकनीकी नवाचार के तहत राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप पर ‘ई-विजिटर’ सुविधा शुरू की है। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एससीआरबी) की ओर से शुरू की गई इस सुविधा से होटल, धर्मशाला और व्यावसायिक रूप से उपयोग किए जा रहे अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण अब मोबाइल फोन से ही दर्ज किया जा सकेगा। इससे खासतौर पर छोटे होटल और धर्मशाला संचालकों को राहत मिलेगी।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के अनुसार गृह विभाग के 6 अप्रेल 2026 के परिपत्र की पालना में इन प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण पहले ‘ई-विजिटर पोर्टल’ पर दर्ज किया जाता था। छोटे प्रतिष्ठानों में कंप्यूटर और अन्य संसाधनों की सीमित उपलब्धता के कारण ऑनलाइन विवरण दर्ज करने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए सुविधा को अब मोबाइल आधारित किया गया है।

अधिकृत संचालक, मैनेजर या ऑपरेटर अपनी एसएसओ आईडी से राजकॉप सिटीजन ऐप में लॉगिन कर ‘ई-विजिटर’ सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। इसमें आगंतुक का कमरा नंबर, चेक-इन की तारीख, आगमन व गंतव्य स्थान, यात्रा या विजिट का कारण, नाम, मोबाइल नंबर, लिंग और पता दर्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा पहचान-पत्र का विवरण और उसकी प्रति अपलोड करने तथा होटल से प्रस्थान का समय भी दर्ज किया जा सकेगा।

मोबाइल आधारित सुविधा से आगंतुकों का डिजिटल रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध रहेगा। पुलिस को आवश्यकता के अनुसार आगंतुकों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे अपराध की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में तकनीकी सहायता मिलेगी। साथ ही होटल व धर्मशाला संचालकों के लिए रिकॉर्ड दर्ज करने की प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश