जल जीवन मिशन की अवधि बढ़ाना ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को देगा मजबूती: सीपी जोशी
चित्तौड़गढ़, 05 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जोशी ने कहा कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 के तहत राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ हुए समझौता ज्ञापन ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने बताया कि योजना की अवधि 2026 से बढ़ाकर दिसंबर 2028 तक करने से अधूरे कार्यों को पूरा कर लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। जोशी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं को राहत मिली है।
सांसद ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण कई परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं, जिससे लोगों को पानी की सुविधा समय पर नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि इसी कारण योजना की अवधि बढ़ाई गई है।
जोशी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों में जल जीवन मिशन के तहत कई पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत और क्रियान्वित की गई हैं। इनमें से अनेक परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए उनके स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और केंद्र सरकार के सहयोग से नई योजनाएं स्वीकृत करवाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

