home page

इंदौर के लोधिया कुंड में डूबने से डूंगरपुर के चचेरे भाई-बहन की मौत

 | 
इंदौर के लोधिया कुंड में डूबने से डूंगरपुर के चचेरे भाई-बहन की मौत


डूंगरपुर, 8 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र स्थित लोधिया कुंड में सोमवार दोपहर हादसे में डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के कतीसौर निवासी चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। हादसा कुंड के किनारे टहलने के दौरान पैर फिसलने से हुआ। बहन को बचाने के प्रयास में भाई भी गहरे पानी में चला गया।

जानकारी के अनुसार कतीसौर निवासी अजीत सिंह चौहान (26) और उनकी चचेरी बहन अंजली सोमवार को अपने परिजनों के साथ सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित लोधिया कुंड घूमने गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे अंजली, अजीत और अश्विनी कुंड के किनारे एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पत्थरों पर अंजली का पैर फिसल गया और तीनों असंतुलित होकर पानी में गिरने लगे।

पीछे चल रहे महेंद्र सिंह और अभिराज ने अश्विनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंजली और अजीत गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर सिमरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को 108 एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक छा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष