home page

बीकानेर में “नशा मुक्त भारत” अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां जोर शोर पर

 | 
बीकानेर में “नशा मुक्त भारत” अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां जोर शोर पर


बीकानेर, 30 मई (हि.स.)। युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन एवं राजस्थान पुलिस एंटी नार्कोटिक्स टास्क फ़ोर्स के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत” जन-जागरूकता अभियान का आयोजन 31 मई 2026 को शाम 6 बजे किया जाएगा।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन निदेशक निशा लिंबा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत जूनागढ़ से चौपाटी तक पैदल जागरूकता मार्च निकाला जाएगा, पैदल मार्च की शुरुआत से पहले राष्ट्रीय गान होगा, जिसके पश्चात पैदल मार्च फिर चौपाटी पर फिटनेस गतिविधियों, जागरूकता संदेशों एवं नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी रवि मेघवाल एव विशिष्ट अतिथि में जिला प्रशासन और मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान पुलिस एएनटीएफ बीकानेर के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र दत्त, नशा मुक्ति अभियान से जुड़े डॉ. कन्हैया कच्छावा, एवं दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश देंगे।

इस अवसर पर युवाओं के लिए सोशल मीडिया आधारित “नशा मुक्त भारत वीडियो जागरूकता प्रतियोगिता” भी आयोजित की जा रही है, जिसमें प्राप्त श्रेष्ठ वीडियो प्रविष्टियों में से तीन विजेताओं का चयन कर सम्मानित किया जाएगा।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के निदेशक उमाशंकर ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति युवाओं और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इस अभियान का उद्देश्य जन-जागरूकता के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली, खेल एवं फिटनेस से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की विशेषता यह है कि इसकी पूरी योजना एवं व्यवस्थाओं का संचालन दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की युवा टीम द्वारा किया जा रहा है।

युवा टीम द्वारा अभियान के लिए विशेष जागरूकता नारे भी तैयार किए गए हैं, जिनके माध्यम से समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

आयोजकों ने शहरवासियों, युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर “नया भारत, नशा मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव