home page

जयपुर रेल मंडल पर डीआरयूसीसी मीटिंग,यात्री सुविधाओं को लेकर सदस्यों ने रखे सुझाव

 | 
जयपुर रेल मंडल पर डीआरयूसीसी मीटिंग,यात्री सुविधाओं को लेकर सदस्यों ने रखे सुझाव


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन की अध्यक्षता में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआरयूसीसी सदस्यों ने यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव एवं समस्याएं मंडल रेल प्रशासन के समक्ष रखीं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर भूपेश यादव ने बताया कि बैठक में डीआरयूसीसी सदस्य महेंद्र पाटनी, डॉ. अरुण अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नरेंद्र सिंह चौहान, विष्णु कुमार कयाल, प्रकाश भंडारी, गजेंद्र सिंह राठौर, किशनलाल पारीक, बी.एम. शर्मा एवं ज्योति मिश्रा ने भाग लिया।

बैठक के प्रारंभ में मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन ने जयपुर मंडल में यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर रेल सेवाओं के लिए किए गए कार्यों तथा वर्तमान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी डीआरयूसीसी सदस्यों को दी। उन्होंने यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार एवं उन्नयन के लिए मंडल रेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।

इसके पश्चात डीआरयूसीसी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों एवं रेल सेवाओं से संबंधित समस्याओं को मंडल रेल प्रशासन के समक्ष रखा। सदस्यों ने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में सुधार, साफ-सफाई,पेयजल,बैठने की व्यवस्था,प्रकाश व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय,प्लेटफॉर्म सुविधाओं सहित अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए। सदस्यों ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ नए सुझाव भी दिए तथा विभिन्न स्टेशनों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने का अनुरोध किया।

मंडल रेल प्रशासन द्वारा सदस्यों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि यात्रियों को सुरक्षित,सुगम एवं बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए मंडल स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

डीआरयूसीसी बैठक रेलवे प्रशासन और रेल उपयोगकर्ताओं के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है,जिसके माध्यम से यात्रियों की आवश्यकताओं एवं सुझावों को समझने तथा यात्री सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर गौरव गौड एवं सुशील कुमार-अपर मंडल रेल प्रबंधक जयपुर, पीयूष जोशी-मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति-शक्ति), अजीत कुमार मीणा-वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, सतीश मीणा-वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), ललित कुमार-वरिष्ठ मंडल दूर-संचार एवं संकेत इंजीनियर, ओंकार सिंह- वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, कविता मीणा-मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य), मुकेश गहलोत एवं विश्वनाथ शर्मा-सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित मंडल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश