home page

जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का डीआरएम ने किया फुटप्लेट निरीक्षण

 | 
जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का डीआरएम ने किया फुटप्लेट निरीक्षण


जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर-लूनी-बाड़मेर रेलखंड का बुधवार को फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड में संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की परख की तथा रेलपथ, परिचालन व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलपथ की स्थिति, स्लीपर, ट्रैक फिटिंग, बैलास्ट, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, कर्व, लेवल क्रॉसिंग तथा ट्रैक के आसपास की स्थिति का अवलोकन किया। इसके साथ ही सिग्नल एवं ओएचई व्यवस्था की भी जांच की गई। उन्होंने रेलपथ के रखरखाव में निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लूणी-समदड़ी सेक्शन में चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य का भी अवलोकन किया।

इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलपथ, परिचालन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, लेवल क्रॉसिंग तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के साथ सिग्नल, ओएचई एवं अन्य परिचालन उपकरणों की कार्यशीलता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

स्टेशनों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग में आने वाले स्टेशनों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा प्लेटफॉर्म, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, समयबद्ध रखरखाव तथा संरक्षा नियमों की कड़ाई से पालना आवश्यक है। उन्होंने रेलवे ट्रैक के आसपास उगी झाडिय़ों को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने तथा रेलपथ के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। फुटप्लेट निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश