जयपुर-आगरा हाईवे पर कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, आग में जिंदा जला ड्राइवर
भरतपुर, 03 मार्च (हि.स.)। भरतपुर में जयपुर-आगरा हाईवे पर सोमवार देर रात कोयले से भरा एक ट्रेलर मथुरा गेट इलाके में सारस चौराहे के पास पलट गया और उसमें आग लग गई। हादसे में केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर पलटने के बाद करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता हुआ आगे बढ़ा। इसी दौरान उसके टैंक से डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में ट्रेलर का केबिन आग की लपटों में घिर गया।
स्थानीय निवासी लक्ष्य सिंघल ने बताया कि ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और तुरंत आग लग गई। ड्राइवर केबिन में फंस गया था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेज लपटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शी मोनू जौहरी ने बताया कि ट्रेलर रुकते ही आग तेजी से फैल गई और केबिन पूरी तरह जल उठा।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान विरदी चंद गुर्जर (30) निवासी करड़ाला थाना रूपनगढ़, जिला अजमेर के रूप में हुई है। वह ट्रेलर को जयपुर से आगरा की ओर ले जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ पंकज यादव, एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

