डॉ. पवन सिंघल बने आईएओएचएनएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष
जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। इंडियन एकेडेमी ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी एंड हेड-नेक सर्जरी (आईएओएचएनएस) की 12वीं कॉन्फ्रेंस में सवाई मानसिंह अस्पताल के नाक, कान एवं गला रोग विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. पवन सिंघल को राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनका कार्यकाल एक वर्ष का रहेगा।
आईएओएचएनएस के चेयरमैन पद्मश्री प्रो. डॉ. मोहन कामेश्वरन ने डॉ. पवन सिंघल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई जिम्मेदारी के तहत डॉ. सिंघल को देश में स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा में सुधार की दिशा में कार्य करना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में डॉ. सिंघल को देश में ईएनटी चिकित्सा शिक्षा को बेहतर बनाने के साथ तकनीकी बदलाव, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक सर्जरी, शोध और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएओएचएनएस के सचिव डॉ. विजय कृष्णन ने बताया कि संगठन देशभर में आमजन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए रोगों की रोकथाम और जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य करता है। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू कराने की दिशा में भी संगठन की ओर से प्रयास किए जाते हैं।
डॉ. पवन सिंघल राष्ट्रीय न्यूरोऑटोलॉजी एसोसिएशन के पूर्व सचिव एवं अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे राजस्थान ईएनटी एसोसिएशन के सचिव का दायित्व भी निभा रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र के साथ वे प्रदेश में तंबाकू नियंत्रण और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

