डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी को राज्य स्तरीय धन्वंतरि पुरस्कार-2026 से किया सम्मानित
बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में आयुर्वेद विभाग, बीकानेर के कार्यालय अतिरिक्त निदेशक में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी को उनके उत्कृष्ट कार्य, विभागीय सेवाओं एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘ऑफिसर ग्रेड’ श्रेणी में राज्य स्तरीय धन्वंतरि पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।
आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ राधेश्याम ने बताया कि इस अवसर पर आयुष विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार, शासन उप सचिव गोपाल परिहार, निदेशक डॉ. आनन्द कुमार शर्मा, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) ज्योति ककवानी, आयुर्वेद मनीषी कृष्ण खंडेल एवं सेवानिवृत्त आईएफएस दीप नारायण पांडे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी मनोहर सिंह भाटी एवं कंचन देवी के सुपुत्र हैं। उनकी पत्नी डॉ. सुषमा सिंह भी आयुर्वेद विभाग में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी को राज्य स्तरीय धन्वंतरि पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर उनके परिवारजनों करणी सिंह, गोविन्द सिंह सहित आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने डॉ. भाटी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

