home page

निकाय चुनाव की रणभेरी के बीच डोटासरा ने भाजपा सरकार को घेरा

 | 
निकाय चुनाव की रणभेरी के बीच डोटासरा ने भाजपा सरकार को घेरा


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को पीसीसी वॉर रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर चुनाव में देरी, परिसीमन, आरक्षण, सफाई व्यवस्था, नामांकन और जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेश और अवमानना की कार्रवाई के बाद सरकार को चुनाव कराने पड़े। करीब डेढ़ साल तक निकायों में प्रशासक रहने से जनता के काम प्रभावित हुए।

डोटासरा ने परिसीमन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं 10 हजार तो कहीं 30 हजार तक की आबादी वाले वार्ड बनाए गए। उन्होंने आरक्षण लॉटरी में भी मनमानी का आरोप लगाया। कहा कि पहली बार नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं की संयुक्त लॉटरी निकाली गई, जिसके चलते प्रदेश के 10 नगर निगमों में किसी में भी महापौर पद एससी-एसटी के लिए आरक्षित नहीं हुआ। एक पद ओबीसी के लिए आरक्षित हुआ, जबकि एससी-एसटी आरक्षण नगर पालिकाओं तक सीमित रहा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने टिकट वितरण में 40 वर्ष से कम उम्र के 49.33%, ओबीसी के 48.85%, एससी के 21.81%, एसटी के 5.23% और महिलाओं के 35.90% उम्मीदवारों को मौका दिया है।

जयपुर की समस्याओं पर घेरा: डोटासरा ने गड्ढों, ट्रैफिक जाम, कचरे, बंदरों, सुअरों और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भाजपा बोर्ड पर निशाना साधा। स्टैच्यू सर्किल जैसे प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलने का भी आरोप लगाया।

सफाईकर्मी भर्ती पर सवाल: उन्होंने कहा कि 23 हजार से अधिक पदों की घोषणा के बावजूद तीन साल में भर्ती पूरी नहीं हुई। नई भर्ती में शर्तों के कारण अब तक करीब चार हजार आवेदन आने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हर निकाय में हर साल सफाईकर्मियों की भर्ती और घर-घर कचरा संग्रहण मुफ्त किया जाएगा। 500 रुपए में पट्टे का वादा: डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो 500 रुपए में मकान का पट्टा देने की व्यवस्था जारी रखी जाएगी। नामांतरण शुल्क में राहत बरकरार रखने तथा सीसी रोड, ड्रेनेज, सीवरेज और एसटीपी के लिए अतिरिक्त बजट देने की बात कही। विकास कार्यों का स्टेटस और शिकायतों का निस्तारण ऑनलाइन करने का भी वादा किया।

मेट्रो डीपीआर पर आरोप: जयपुर मेट्रो की नई डीपीआर में बदलाव को लेकर उन्होंने अतिरिक्त खर्च और संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई तथा भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप लगाए।

नामांकन में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप: डोटासरा ने बीकानेर, मालपुरा, नाथद्वारा, पाली और भीलवाड़ा में कांग्रेस व समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों पर दबाव और नामांकन में भेदभाव का दावा किया। आदर्श नगर के वार्ड टिकट विवाद पर उन्होंने कहा कि तथ्य सामने आने पर जांच होगी। टिकट वितरण के मतभेद बातचीत से सुलझाने का दावा करते हुए उन्होंने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागियों पर कार्रवाई के संकेत दिए। डोटासरा ने दावा किया कि कांग्रेस निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश