दीपावली पर भीतरी शहर के बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, रोडवेज बसों का रूट भी बदला
जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए जोधपुर के भीतरी शहर एवं प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले आमजन और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था आज से लागू हो गई है जो 8 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नई सडक़ से घंटाघर चौराहे की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी तथा रूट नंबर 6 और 10 की सिटी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गिरधर मंदिर मोड़ से अंसल प्लाजा के पीछे होते हुए नई सडक़ की तरफ सभी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। इसी प्रकार बाटा तिराहे से त्रिपोलिया बाजार और घास मंडी तिराहे की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिटी पुलिस तिराहे से कंदोई बाजार की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी और चौपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हाथीराम का ओड़ा से साइकिल मार्केट होते हुए घंटाघर की तरफ भी थ्री-व्हीलर टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था के तहत रोडवेज बसों को सर्किट हाउस से पावटा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बसें सर्किट हाउस से आर्मी तिराहा, रसाला ब्रिज और पावटा चौराहा होते हुए बस स्टेशन पहुंच सकेंगी। हालांकि आपातकालीन वाहनों के लिए किसी भी मार्ग पर डायवर्जन लागू नहीं होगा।
नई सडक़ से हटाए लंबे समय से खड़े वाहन
दीपावली एवं भाईदूज के त्योहार को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व यातायात) शाहीन सी एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी राज के निर्देशानुसार यातायात निरीक्षक एवं प्रभारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में नई सडक़ से घंटाघर तक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सडक़ पर लंबे समय से लावारिस हालत में खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाया गया। इन वाहनों के कारण बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित होने के साथ ही जाम की समस्या बनी रहती थी। वाहनों को हटाए जाने से बाजार में आवागमन सुगम हुआ और लोगों को जाम से राहत मिली। पुलिस की इस कार्रवाई पर क्षेत्र के व्यापारियों ने खुशी जाहिर की तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
पार्किंग और बाजार व्यवस्था को लेकर अपील
यातायात पुलिस ने आमजन, व्यापारियों और दुकानदारों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। भीतरी शहर में आने वाले लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। व्यापारी और दुकानदार प्रतिष्ठानों का सामान सडक़ पर नहीं रखें तथा दुकानों के आगे यातायात बाधित करने वाले टेंट नहीं लगाएं। सरदारपुरा बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों से गांधी मैदान में निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की अपील की गई है। साथ ही सरदारपुरा की बी और सी रोड पर वाहन पार्क नहीं करने की हिदायत दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

