home page

दीपावली पर जयपुर में 4500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा का मोर्चा

 | 
दीपावली पर जयपुर में 4500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा का मोर्चा


जयपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव के स्वागत के लिए गुलाबी नगरी तैयार है। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। आगामी दिनों में परकोटे में रोशनी और सजावट देखने के लिए जयपुरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों की भी आवाजाही बढ़ेगी। इसे देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। धनतेरस से ही शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 4500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। ये पांच दिन तक अलग-अलग पारियों में ड्यूटी करेंगे।

जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय सिंह ने बताया कि दीपावली पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके लिए 4500 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात का दबाव देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को भी मजबूत किया गया है। इसके लिए 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है, ताकि जाम की समस्या से राहत मिले और यातायात सुचारू रहे।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने बताया कि परकोटे में सजावट और रोशनी देखने आने वाले लोगों के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। सजावट वाले स्थानों पर नो पार्किंग जोन रहेगा और वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख बाजारों में नो व्हीकल जोन बनाए गए हैं, ताकि लोग पैदल घूमकर रोशनी और सजावट का आनंद लेने के साथ खरीदारी कर सकें।

परकोटे के बाहर भी वैशाली नगर, मानसरोवर और मालवीय नगर स्थित गौरव टावर जैसे प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। संबंधित जिला पुलिस को इसके लिए अलग से बल उपलब्ध कराया गया है। इन क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी सुरक्षा संभालेंगे।

शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे अभय कमांड कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। इनके माध्यम से पुलिस 24 घंटे निगरानी रख रही है। कंट्रोल रूम में तीन पारियों में अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहकर शहर के प्रमुख क्षेत्रों पर नजर रखेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन से भी नियमित निगरानी की जाएगी। नो पार्किंग जोन और सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों पर भी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी।

भीड़ के बीच महिलाओं से छेड़छाड़ और चैन, पर्स व मोबाइल छीनने की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की 150 महिला पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया है। ये महिला जवान नियमित गश्त करेंगी। सार्वजनिक स्थानों पर सादा कपड़ों में भी महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, चैन और पर्स छीनने जैसी वारदातों को रोकने के लिए सादा वर्दी में पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे।

त्योहारी सीजन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ देर रात तक अभियान चलाया जा रहा है। आकस्मिक जांच और नाकाबंदी के जरिए ऐसे वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियों से मिलने वाले अलर्ट को देखते हुए पुलिस की ओर से नियमित रूप से शाम की गश्त की जा रही है। इस दौरान थाना क्षेत्रों के होटल, ढाबों और धर्मशालाओं में जांच कर वहां ठहरने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बड़े होटलों में ई-विजिट रजिस्टर के माध्यम से निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों के साथ समन्वय बनाया गया है। संबंधित पुलिस उपायुक्तों ने व्यापारियों, सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों के साथ बैठक कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस उपायुक्त कार्यालयों में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल नियमित रूप से निगरानी कर रही हैं। कमिश्नरेट की मॉनिटरिंग सेल भी ऐसी सूचनाओं पर नजर रखेगी। अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों के माध्यम से गलत सूचनाओं को तत्काल खंडन भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश