home page

नागौर में जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आगाज, 86 टीमें दिखाएंगी दमखम

 | 
नागौर में जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आगाज, 86 टीमें दिखाएंगी दमखम


नागौर, 23 सितंबर (हि.स.)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकला में बुधवार को जिला स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक 17 और 19 वर्षीय छात्र-छात्रा खो-खो प्रतियोगिता-2026 का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में जिलेभर की 86 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता में 17 वर्षीय छात्र वर्ग में 36 और छात्रा वर्ग में 24 टीमें मैदान में उतरी हैं।

इसी प्रकार 19 वर्षीय छात्र वर्ग में 11 तथा छात्रा वर्ग में 15 टीमें भाग ले रही हैं। चार दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे।

पहले दिन प्रतियोगिता की शुरुआत दो मुकाबलों से हुई। 17 वर्षीय छात्र वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में टैगोर शिक्षण संस्थान करनूं और हनुवंत शिक्षण संस्थान भोमासर की टीमें आमने-सामने हुईं, जिसमें हनुवंत शिक्षण संस्थान भोमासर ने जीत दर्ज की। वहीं 17 वर्षीय छात्रा वर्ग में सरस्वती बाल विद्या मंदिर पादूकलां और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालड़ी जोधा के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पालड़ी जोधा की टीम विजेता रही।

आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के मुकाबले जारी रहेंगे।

जिलेभर से पहुंची टीमें जीत के लिए मैदान में अपना पूरा दमखम लगाएंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नागौर अनोज कुमार भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रामप्रताप विश्नोई, खींवसर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मालाराम हुड्डा तथा अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिवदान राम पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित