home page

तिरंगा देश की आन, बान और शान: पटेल

 | 
तिरंगा देश की आन, बान और शान: पटेल


जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय ई बाइक तिरंगा रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर नई सडक़, भाटी चौराहा रातानाडा, सर्किट हाऊस होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस दौरान पटेल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश आन, बान, शान और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। तिरंगा प्रत्येक भारतीय के दिल में बसना चाहिए और इसके सम्मान एवं गौरव की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मां भारती के प्रति कर्तव्य निभाना किसी पूजा से कम नहीं है और उसी भाव से हम सब मातृभूमि के कल्याण के लिए निरंतर परिश्रम करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना योगदान अवश्य दें।

उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए भारत को पुन: विश्वगुरु बनाना है। इस तिरंगे की आन-बान को कायम रखने के लिए प्रत्येक भारतवासी कृत- संकल्पित है। पूर्व सांसद राजेन्द्र गहलोत ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान ने पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया है।

राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली

जिला स्तरीय हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित ई बाइक तिरंगा रैली के अवसर पर विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं देश की एकता-अखंडता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने हरी झंडी दिखाकर ई- बाइक रैली को जिला कलक्टर कार्यालय से रवाना किया।

ई - बाइक रैली में सीमा सुरक्षा बल के जवानों, राजस्थान पुलिस की कालिका बटालियन, सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट के विद्यार्थियों, पुलिस कार्मिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, नगर निगम, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश