home page

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में 22 एवं 23 अक्टूबर को  आयोजित होगा ‘दीपावली उत्सव’

 | 
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में 22 एवं 23 अक्टूबर को  आयोजित होगा ‘दीपावली उत्सव’


जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, जयपुर द्वारा दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर दिनांक “22 एवं 23 अक्टूबर 2026” को हस्तशिल्प एवं हथकरघा एवं उत्पादों की प्रदर्शनी “दीपावली उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का आयोजन उक्त दिनांक को प्रातः 10 बजे से सायं 7.30 बजे तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, 22 गोदाम इंडस्ट्रियल एरिया, जयपुर में किया जाएगा।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, जयपुर (शहर), डॉ. अनुकृति सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जयपुर के हस्तशिल्पियों, बुनकरों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाना, उनकी कला एवं कौशल को प्रोत्साहित करना तथा स्वदेशी उत्पादों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। उत्सव के माध्यम से “वोकल फॉर लोकल” एवं “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को भी प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में जयपुर के हस्तशिल्पियों एवं बुनकरों द्वारा निर्मित विभिन्न आकर्षक एवं पारंपरिक उत्पादों जैसे बगरू/सांगानेर ब्लॉक प्रिंट साड़ियां/सूट, बंधेज, ब्लू पॉटरी उत्पाद, कुंदन-मीना कारी की ज्वेलरी, लकड़ी के हैंडीक्राफ्ट उत्पाद, तारकशी, पेंटिंग, मिट्टी के बर्तन, अन्य पारंपरिक घरेलू सजावट व पूजा सामग्री इत्यादि उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह आयोजन हस्तशिल्पियों एवं बुनकरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ आमजन को भारतीय हस्तकला एवं पारंपरिक उत्पादों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश