home page

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर लिया मतदान व्यवस्थाओं का जायजा

 | 
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर लिया मतदान व्यवस्थाओं का जायजा


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जयपुर जिले में शनिवार को चतुर्थ चरण में जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने दिनभर बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने खोखावाला, भांगड़ कला, सहित चारो पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा वहां तैनात मतदान कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया के संचालन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता बनाए रखें तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने चतुर्थ चरण के मतदान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के समस्त मतदाताओं, आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

उल्लेखनीय है कि चतुर्थ चरण के तहत इन चारों पंचायत समितियों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा तथा उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश