home page

राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार पर मंथन, नए एयरपोर्ट और हवाई पट्टियों के विकास पर जोर

 | 
राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार पर मंथन, नए एयरपोर्ट और हवाई पट्टियों के विकास पर जोर


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में नागरिक उड्डयन सुविधाओं के विस्तार और एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए शनिवार को जयपुर स्थित स्टेट हैंगर में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतम कुमार दक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार, हवाई पट्टियों के उन्नयन, हवाई अड्डों के विकास कार्य, फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने और नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राजस्थान भौगोलिक दृष्टि से बड़ा प्रदेश है, इसलिए धार्मिक, पर्यटन, शिक्षण और व्यापारिक स्थलों तक सुगम पहुंच के लिए नई हवाई पट्टियों और घरेलू एयरपोर्ट की संभावनाओं पर काम करना आवश्यक है।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने प्रदेश में हवाई सेवाओं के बेहतर संचालन और नियंत्रण के लिए स्वतंत्र निदेशालय के गठन का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर एयर कनेक्टिविटी और आधुनिक हवाई सुविधाओं के विकास के लिए कार्ययोजना के तहत काम कर रही है। उन्होंने आरसीएस उड़ान योजना के माध्यम से जिलों के बीच हवाई सेवाओं के विस्तार और प्रमुख हवाई अड्डों से नई उड़ानों की योजना बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सूरतगढ़ में सिविल एन्कलेव स्थापित करने की रूपरेखा तैयार करने और लालगढ़ हवाई पट्टी पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी तथा आपात स्थिति में वैकल्पिक एयरपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही प्रवासी राजस्थानियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तरलाई एयरपोर्ट पर सिविल एन्कलेव और एप्रोच रोड के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विपिन कुमार, नागरिक उड्डयन विभाग के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन सहित मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित