home page

डीजी जेल अशोक राठौड़ ने किया प्रहरी प्रशिक्षण के लिए पाठ्य-पुस्तकों का विमोचन

 | 
डीजी जेल अशोक राठौड़ ने किया प्रहरी प्रशिक्षण के लिए पाठ्य-पुस्तकों का विमोचन


जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। कारागार विभाग में प्रशिक्षु प्रहरियों के प्रशिक्षण को सरल,व्यवहारिक और उपयोगी बनाने के उद्देश्य से तैयार प्रशिक्षण पुस्तकों का शुक्रवार को जेल प्रशिक्षण संस्थान, अजमेर में महानिदेशक कारागार राजस्थान अशोक राठौड़ ने विमोचन किया। पुस्तकों का लेखन हाई सिक्योरिटी जेल, अजमेर के अधीक्षक पारस जांगिड़ ने किया है।

पुस्तकों में प्रहरी प्रशिक्षण के निर्धारित नौ इंडोर विषयों को पाठ्यक्रम के अनुसार शामिल किया गया है। सरल भाषा, व्यवहारिक उदाहरणों और कारागार की वास्तविक कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अध्ययन सामग्री तैयार की गई है।

इस अवसर पर डीजी जेल अशोक राठौड़ ने जेल प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण ले रही महिला प्रहरियों और प्रशिक्षु उप अधीक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि सेवा जीवन की मजबूत नींव होती है। प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के माध्यम से अपने ज्ञान, अनुशासन और दक्षता को बढ़ाना चाहिए तथा सेवा में आने के बाद कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कारागार सेवा में सुरक्षा और अनुशासन के साथ बंदियों के प्रति संवेदनशील एवं सुधारात्मक दृष्टिकोण भी जरूरी है। प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का वास्तविक ड्यूटी में प्रभावी उपयोग ही प्रशिक्षण की सार्थकता है।

पुस्तकों में कारागार प्रशासन, सुरक्षा एवं अनुशासन, बंदियों की देखभाल एवं सुधार, विधिक एवं मानवाधिकार संबंधी जानकारी, समाजशास्त्र, अपराधशास्त्र एवं आपराधिक मनोविज्ञान, स्वास्थ्य एवं प्राथमिक चिकित्सा तथा कम्प्यूटर उपयोग सहित प्रहरी के दैनिक कर्तव्यों से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं।

अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि पुस्तकों का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को पाठ्यक्रम की विषयवस्तु एक ही स्थान पर सरल और व्यवस्थित रूप में उपलब्ध कराना है, ताकि वे नियमों एवं सिद्धांतों को कारागार की व्यवहारिक परिस्थितियों से जोड़कर समझ सकें।

कार्यक्रम में सेंट्रल जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वर, जेटीआई प्राचार्य वैभव भारद्वाज, एमडीआई अशोक कुमार शर्मा सहित संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश