home page

भर्तृहरि धाम मार्ग की बदहाल स्थिति पर टीकाराम जूली ने उठाए सवाल

 | 
भर्तृहरि धाम मार्ग की बदहाल स्थिति पर टीकाराम जूली ने उठाए सवाल


अलवर, 16 अप्रैल (हि.स.)। अलवर में भर्तृहरि धाम को जोड़ने वाले प्रमुख सड़क मार्ग की खराब स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने राज्य सरकार से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

जूली ने बताया कि राज्य बजट में कुशालगढ़ तिराहे से थैंक यू बोर्ड होते हुए भर्तृहरि मार्ग के निर्माण तथा भर्तृहरि तिराहे की पुलिया के जीर्णोद्धार की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिया की स्थिति अत्यंत जर्जर है, जिससे आमजन और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने आगामी 17 से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले महाराजा भर्तृहरि और पांडुपोल हनुमान जी के वार्षिक मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण पुलिया पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हुआ था और प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

जूली ने कहा कि यह मार्ग भर्तृहरि धाम और पांडुपोल हनुमान जी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने के साथ ही जयपुर से कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण रास्ता है तथा थानागाजी क्षेत्र को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग भी है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जनहित और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क और पुलिया के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार