home page

युवाओं के हित में पहले दिन से काम कर रही सरकार : मुख्यमंत्री

 | 
युवाओं के हित में पहले दिन से काम कर रही सरकार : मुख्यमंत्री


जयपुर, 31 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले दिन से ही युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। सरकार 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा 6 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 35 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा इस वर्ष 1 लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित “युवाओं से संवाद” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के सपनों को तोड़ा, लेकिन सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिना पेपर लीक के 350 से अधिक परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ग्राम स्तर पर अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। उन्होंने बताया कि करीब 4 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है तथा 436 रोजगार सहायता शिविर आयोजित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत 6 प्रतिशत ब्याज पुनर्भरण के लिए ऋण सीमा बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए कर दी गई है। योजना के अंतर्गत अब तक 248 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं, राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत भी युवाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया है। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी एवं गंग नहर सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना विस्तार, ब्राह्मणी नदी और माही बांध परियोजना पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है और वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि “राइजिंग राजस्थान” के तहत 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। गांवों और शहरी वार्डों के विकास के लिए “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” चलाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डेयरी, सहकारिता, पर्यटन और खनन क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को इन क्षेत्रों से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में दूध संग्रहण केंद्रों और प्रसंस्करण इकाइयों की क्षमता बढ़ाई गई है तथा सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नए सदस्य बनाए जा रहे हैं और नई पैक्स समितियां खोली जा रही हैं।

उन्होंने युवाओं से संघर्ष और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रामप्रसाद बिस्मिल जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा साइकिल से मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अरूण चतुर्वेदी, केके विश्नोई, मदन राठौड़ तथा राजेन्द्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित