प्राचीन नृसिंह मंदिर में मनाई गोस्वामी तुलसीदास जयंती
धौलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित शहर के रियासतकालीन भगवान नृसिंह मंदिर में बुधवार को संत गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा और ल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर मंदिर में विशेष पूजन, सामूहिक हवन एवं भंडारे जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को अखंड रामायण पाठ से हुआ, जिसका समापन बुधवार दोपहर हुआ। बुधवार सुबह भगवान नृसिंह की विशेष पूजा- अर्चना की गई तथा उन्हें भोग लगाया गया।
भगवान नृसिंह मंदिर के मुख्य पुजारी डॉ. रविन्द्र श्रोत्रिय ने बताया कि रामचरितमानस जैसे पवित्र ग्रंथ के रूप में संत गोस्वामी तुलसीदास जी की सनातन संस्कृति को एक महत्वपूर्ण भेंट है। रामचरितमानस में वर्णित घर-परिवार,भाई-भाई,मित्र,राजा और प्रजा से संबंधित प्रसंग आज भी प्रासंगिक है। डॉ. श्रोत्रिय ने बताया कि श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को बीते कई सालों से प्राचीन नृसिंह मंदिर में संत गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई जाती है। इसके साथ ही रियासतकालीन नृसिंह मंदिर में भगवान नृसिंह की जयंती, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तथा अन्नकूट प्रसादी जैसे आयोजन बीते कई सालों से किया जा रहे हैं। आयोजन के अंत में सामूहिक हवन एवं भगवान तुलसीदास की आरती की गई इसके बाद भंडारे में श्रद्धालु ने प्रसाद ग्रहण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

