चंबल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन पर संयुक्त निगरानी सुदृढ़
धौलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चंबल नदी क्षेत्र में बजरी खनन एवं परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंध की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धौलपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले में अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने उप वन संरक्षक आशीष व्यास तथा परिवहन विभाग एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ चंबल नदी के बड़ापुरा एवं बरेलापुरा घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था, नाकाबंदी, गश्त, निगरानी बिंदुओं एवं संवेदनशील मार्गों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों एवं राज्य सरकार के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक सांगवान ने बताया कि चंबल नदी क्षेत्र पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं न्यायालय के आदेशों की पालना से भी जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धौलपुर जिले में संयुक्त रूप से प्रभावी निगरानी एवं सतत गश्त की जा रही है। धौलपुर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी चंबल बजरी के अवैध खनन अथवा परिवहन की जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

