home page

बुजुर्ग हमारे समाज एवं राष्ट्र की धरोहर : बीके सत्यप्रकाश

 | 
बुजुर्ग हमारे समाज एवं राष्ट्र की धरोहर : बीके सत्यप्रकाश


धौलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया गया। इस मौके पर धौलपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित केंद्र पर वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रतिज्ञा अभियान कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में बुजुर्गाें का सम्मान करते हुए प्रतिज्ञा कराई गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ राजयोगी बीके सत्यप्रकाश भाई ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज एवं राष्ट्र की धरोहर हैं। जिस प्रकार एक भवन में नींव की ईंट का महत्वपूर्ण स्थान होता है, ठीक उसी प्रकार घर, परिवार और समाज में एक बुजुर्ग का स्थान होता है। इसलिए हमें अपने बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। इस संबंध में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वाधान में यह आयोजन संपन्न हुआ है। आज हम सबने बुजुर्गाें के सम्मान तथा उनकी देखभाल की प्रतिज्ञा ली है। बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए हमें इस प्रतिज्ञा को निभाना ही होगा। आयोजन में बीके प्रीती बहन ने ब्रह्मकुमारीज द्वारा संचालित की जा रहीं गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ध्यान एवं योग का अभ्यास कराया तथा वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रतिज्ञा भी दिलाई। आयोजन में बुजुर्ग भाई बहनों को पटका पहनाकर,चंदन तिलक लगाकर एवं मिष्ठान और फल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप