home page

रोजगार उत्सव के तहत धौलपुर में 863 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

 | 
रोजगार उत्सव के तहत धौलपुर में 863 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र


धौलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में शनिवार को बालोतरा स्थित पचपदरा में प्रदेश स्तरीय राजस्थान रिफाइनरी, यमुना जल परियोजना, जयपुर मेट्रो फेज-2 तथा रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रदेश को 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। साथ ही 50 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसी क्रम में धौलपुर जिला मुख्यालय पर नगर परिषद टाउन हॉल में प्रातः 10 बजे जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से जोड़ा गया। साथ ही जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अभिभावक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने 863 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र एवं किट प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाह,भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा एवं पूर्व विधायक सुखराम कोली सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नव नियुक्त कार्मिक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप