जल संरक्षण पुण्य का काम, इसे पूरे मनोयोग से करें-बेढम
धौलपुर, 29 मई (हि.स.)। प्रदेश के गृहराज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत प्राचीन चौपडा मंदिर के पास स्थित प्राचीन कुंड में श्रमदान किया। इससे पूर्व उन्होंने प्राचीन चौपडा महादेव मंदिर में पूजाप अर्चना भी की।
इस मौके पर जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संग्रहण, पारंपरिक जल स्त्रोतों का संरक्षण तथा जनसहभागिता से स्वच्छता तथा जागरूकता को बढ़ावा देना है। जल संरक्षण का काम पुण्य का काम है, इसे पूरे मनोयोग से करें। यह अभियान महज एक राजकीय कार्यक्रम न होकर एक जन अभियान है, इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जल एवं समग्र पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करें। उन्होंने आमजन से जल निकायों को प्लास्टिक मुक्त रखने एवं श्रमदान की अपील भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी एवं मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने धौलपुर जिले में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित की जा रहीं गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाह,युवा मोर्चा नेता राहुल राणा एवं मीडिया प्रभारी मुकेश सक्सेना सहित अन्य जन प्रतिनिधि तथा अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

