नाले में मिला बुजुर्ग का शव, रेस्क्यू आपरेशन पूरा
धौलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के कौलारी थाना क्षेत्र में नाले में तीन दिन पूर्व एक नाले में बहे बुजुर्ग का शव मिल गया है। इसके साथ ही पुलिस तथा एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान भी पूरा हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सोंप दिया है।
कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायन मीणा ने बताया कि तीन दिन पूर्व शनिवार को कौलारी थाना इलाके बरा गांव निवासी करीब 55 वर्षीय कल्ला उर्फ कल्ली बघेल गांव के पास के नाले में तेज बहाव में बह गए थे। शनिवार से पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद में बुजुर्ग कल्ला उर्फ कल्ली की तलाश में लगातार दो दिन और अभियान चलाया, जिसके बाद में सोमवार को बुजुर्ग कल्ला उर्फ कल्ली का शव मिल गया। पुलिस ने मृतक का शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
एसडीआरएफ प्रभारी वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि नाले में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में परेशानी आई तथा विलंब हुआ। नाले के तेज बहाव के कारण बुजुर्ग का शव घटनास्थल पुलिया से करीब दो किलोमीटर दूर मिला। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तीन दिन से बुजुर्ग की तलाश कर रहीं थी। नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण टीम को ढूंढने में काफी परेशानी हुई। तीन दिन की मशक्कत के बाद में बुजुर्ग के शव को नाले से बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई। उधर,नाले में डूबने से बुजुर्ग की मौत से इलाके में मातम के हालात हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

