धौलपुर में श्रद्धा और उल्लास से मनाई भगवान नृसिंह की जयंती
धौलपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। भगवान विष्णु के चतुर्थ अवतार श्रीनृसिंह का प्राकट्योत्सव गुरुवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने भगवान नृसिंह का व्रत एवं पूजन कर मनौतिया मांगी। भगवान नृसिंह जयंती का मुख्य आयोजन धौलपुर के रियासतकालीन भगवान श्रीनृसिंह महाराज मंदिर में पूजा एवं अर्चना के विशेष आयोजन के साथ संपन्न हुआ। प्राचीन नृसिंह महाराज मंदिर के मुख्य पुजारी डॉ. रविंद्रनाथ श्रोत्रिय ने बताया कि भगवान विष्णु के चतुर्थ अवतार भगवान श्रीनृसिंह की जयंती एवं प्राकट्योत्सव वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है। इस मौके पर भगवान नृसिंह का वैदिक मंत्रों के साथ अभिषेक कर पूजन किया जाता है। आज मंदिर में विशेष फूल बंगला सजाया गया। देर शाम को गोधूलि बेला में प्राकटयोत्सव हुआ। इसके बाद में महाआरती हुई तथा प्रसाद का वितरण किया गया। डॉ. श्रोत्रिय ने बताया कि शत्रु पर विजय के साथ रोग मुक्ति के लिए भगवान नृसिंह की पूजा उत्तम विधान है। भगवान नृसिंह की जयंती के मौके पर प्राचीन नृसिंह मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे तथा उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

