विशेष योग्यजनों के संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाए समाज : नायक
धौलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं सेठ निनुआराम चेरिटेबल पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के तत्वाधान में 10 वें तीन दिवसीय शिविर का समापन रविवार को हुआ। शहर के मयूरी विशेष विद्यालय में आयोजित शिविर में विशेष योग्यजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
आयोजन में धौलपुर जिले के मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण की न्यायाधीश सुश्री प्रीति नायक ने कहा कि विशेष योग्यजनों की सेवा एवं सहायता सच्ची मानवता एवं एक पुनीत कार्य है। विशेष योग्यजनों को संबल प्रदान करने के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रहीं हैं। लेकिन विशेष योग्यजनों के संवर्धन में समाज को भी सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है। नायक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष योग्यजनों को संबल मिलता है। ऐसे आयोजनों की माहती आवश्यकता है तथा इस पुनीत कार्य के लिए सोसायटी धन्यवाद की पात्र है। विशिष्ट अतिथि मप्र के ग्वालियर जिले की अभियोजन अधिकारी प्रगति नायक ने कहा कि मानव जीवन में विशेष योग्यजनों की सार संभाल आवश्यक है। उन्होंने योग्यजनों से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आव्हान भी किया। राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं सोसायटी के सचिव डॉ. आरएस गर्ग ने बताया कि जिला प्रशासन एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर की सहभागिता तथा मयूरी सर्जीकल हास्पीटल धौलपुर के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय शिविर में विशेष योग्यजनों ट्राई साईकिल 121, कैलिपर्स 20, कृत्रिम पैर (जयपुर फुट) 22, श्रवण यंत्र 160, वॉकर 10, स्टीक 71, हाथ 05, वैशाखी 95 एवं व्हील चेयर 100 आदि उपकरण वितरित किए गए। सोसायटी के अध्यक्ष शिवशंकर अग्रवाल ने संस्था द्वारा संचालित कार्यों के बारे में जानकारी दी। अंत में मयूरी विशेष विद्यालय धौलपुर की निदेशक श्रीमती मधु गर्ग ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संस्था प्रतिनिधि रामकुमार गर्ग, समाजसेवी ओपी गौड एवं मुरारी लाल यादव सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन डाॅ. भूपेन्द्र पाराशर ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

