महिला सम्मान से ही राष्ट्र का भी सम्मान : श्रीनिधि
धौलपुर, 10 जून (हि.स.)। महिलाओं के नेतृत्व एवं निर्णय क्षमता को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धौलपुर नगर परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा, एनीमिया नियंत्रण, लिंगानुपात सुधार तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि आने वाले समय में ग्रामीण एवं शहरी शिविरों में महिलाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं की सहभागिता बड़े शहरो तक नहीं बल्कि गांव तक होनी चाहिए। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को मुखिया बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं का सम्मान होगा तो देश का सम्मान होगा। इसलिए हम सभी को महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि नारी शक्ति परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रमुख धुरी है। महिलाओं का सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक महिला तक पहुंचना आवश्यक है।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. शिवचरण सिंह कुशवाहा ने कहा कि मरुधरा में डबल इंजन सरकार महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए समर्पित भाव से कम कर रही है। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम में उप निदेशक महिला एवं बाल विकास भूपेश गर्ग, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग देवेन्द्र सिंह जांगल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा तथा साइबर क्राइम सेल के संजय ने महिला संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सहायता केन्द्रों एवं सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अन्त में सहायक निदेशक महिला अधिकरिता विभाग बबलू शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

