home page

राजस्थान हॉकी टीम के खिलाड़ी मानवेंद्र का धौलपुर में स्वागत

 | 
राजस्थान हॉकी टीम के खिलाड़ी मानवेंद्र का धौलपुर में स्वागत


धौलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित 16 वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का नेतृत्व करने वाले धौलपुर के होनहार खिलाड़ी मानवेंद्र गुर्जर के धौलपुर आगमन पर हॉकी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी अजय बघेल ने बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में धौलपुर के तीन खिलाड़ियों ने राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व किया, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। इनमें मानवेंद्र गुर्जर को राजस्थान टीम की कप्तानी का दायित्व सौंपा गया। उनके कुशल नेतृत्व में राजस्थान टीम ने अपने सभी लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अगले चरण में प्रवेश किया। मानवेंद्र ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासित खेल, बेहतरीन रणनीति और प्रभावशाली नेतृत्व का परिचय दिया, जिसकी सभी ने सराहना की। साथ ही जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया। स्वागत समारोह में हौकी धौलपुर के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह बोहरा सहित बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप